Kanpur news: एक सवाल इस समाज से, क्या हम वाकई 21वीं सदी में जी रहे हैं? आए दिन सामने आने वाली जातिगत भेदभाव और शोषण की खबरें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि क्या हमारी मानसिकता आज भी दशकों पीछे जकड़ी हुई है। इस ‘डिजिटल इंडिया’ के दौर में भी ऐसी संकुचित सोच हैरान करती है।
कानपुर की यह घटना हमारे समाज के चेहरे पर एक तमाचा है। क्या एक ट्रैक्टर निकालने का मामूली रास्ता किसी की जान लेने और उसका आशियाना फूंकने से बड़ा हो गया? सरगांव की आग में सिर्फ एक झोपड़ी नहीं जली, बल्कि हमारी सामाजिक समरसता की उम्मीदें भी राख हुई हैं।
जानें क्या है पूरा मामला?
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के सरगांव गांव में ट्रैक्टर निकालने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई, जिसमें लाठी-डंडे और कुल्हाड़ियां तक चलने की बात सामने आई है। इस झड़प में कम से कम 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने एक दलित परिवार के घर के बाहर बनी झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई और परिवार का सामान भी नष्ट हो गया।
घायलों को बड़े अस्पताल किया रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। सभी घायलों को पहले घाटमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलते ही घाटमपुर की विधायक सरोज कुरील अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। पीड़ितों ने विधायक को बताया कि गांव के प्रधान के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया।
हथियारों से हमला और झोपड़ी में आग लगाने का आरोप
दलित परिवार का आरोप है कि हमलावर गड़ासे, डंडे और अन्य हथियारों के साथ आए और उन्होंने बाल पकड़कर मारपीट की। पीड़ितों का कहना है कि यह हमला पहले से योजना बनाकर किया गया था और ट्रैक्टर निकालने का विवाद सिर्फ बहाना था।
विधायक ने सख्त कार्रवाई की मांग
विधायक सरोज कुरील ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने फोन पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी से बात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया। साथ ही सजेती थाना प्रभारी को भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस जांच में पुरानी रंजिश की बात
पुलिस के मुताबिक बताया जा रहा है कि मामला सजेती थाने के अंतर्गत आता है और दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज की जा रही है। शुरुआती जांच में ट्रैक्टर विवाद के साथ-साथ पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है, जो हिंसा की वजह हो सकती है। पुलिस ने मौके से कुछ सबूत जुटाए हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। जांच पूरी होने के बाद उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



