Why Buddhist shave heads: समानता और वैराग्य की निशानी, बौद्ध धर्म में सिर मुंडवाने का महत्व

Buddhist Monks, Buddhist Monks Shaved Heads
Source: Google

Buddhist Monks Shaved Heads:  जब भी आप बौद्ध भिक्षुओ की परिकल्पना करते है तो सबसे पहले आपके जेहन में कैसी छवि आती है.. जाहिर सी बात है.. गेरूआ वस्त्र धारण किए नंगे पैर, माथे को मुंडवाये, भिक्षा मांगते, चेहरे पर मंद मुस्कान और शांत आचरन.. बौद्ध भिक्षुओं का जीवन आसान नहीं है…लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बौद्ध भिक्षुओं के सिर पर बाल क्यों नहीं होते? जबकि हिंदू धर्म हो या इस्लामिक…सभी में साधु संत लंबे लंबे बाल रखते है। तो फिर आखिर बौद्ध भिक्षु क्यों अपना सिर पूरी तरह मुंडवा लेते हैं? क्यों भिक्षु बनने के लिए ये सबसे पहला नियम है। चाहे वो बौद्ध धर्म का कोई भी समुदाय है..महायान. थेरवाद या फिर हीनयान… अगर किसी को कुछ समय के लिए भी बौद्ध भिक्षु बनना है तो भी उन्हें सिर मुंडवाना ही होगा।

गहरी आध्यात्मिक सोच के कारण

सिर मुंडवाना वैसे तो दिखने में यह एक साधारण-सी प्रैक्टिस लगती है, लेकिन इसके पीछे गहरी आध्यात्मिक सोच और हजारों साल पुरानी परंपरा छिपी है। दरअसल, बौद्ध भिक्षु बनने का मतलब है संसारिक शोर-शराबे, दिखावे और आंतरिक इच्छाओं से पूरी तरह से मुक्त होकर दूरी बनाकर एक शांत, अनुशासित और आध्यात्मिक जीवन अपनाना। इस नए जीवन की शुरुआत ही सिर मुंडवाने से होती है, जिसे बौद्ध परंपरा में बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण माना जाता है।

भिक्षु बनने का मतलब: एक नए जीवन की शुरुआत

जब कोई व्यक्ति भिक्षु बनता है, तो वह अपने पुराने जीवन को पीछे छोड़ देता है। परिवार, नौकरी, सामाजिक पहचान और भौतिक सुख सबसे दूर होना होता है। यह एक आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत होती है, जिसमें मन की शांति और आत्मज्ञान प्राथमिक लक्ष्य बन जाते हैं। सिर मुंडवाना इसी नई शुरुआत का सबसे पहला चरण है।

बाल अहंकार और दिखावे का प्रतीक

बौद्ध मान्यताओं के अनुसार बाल इंसान में घमंड, दिखावे और सौंदर्य की आसक्ति को बढ़ाते हैं। सुंदर बाल या अलग-अलग हेयरस्टाइल व्यक्ति को अपनी खूबसूरती या सामाजिक छवि के प्रति जागरूक रखते हैं। भिक्षुओं के लिए यह सब मन को भटकाने वाला माना जाता है। इसलिए जब वे भिक्षु बनने की दीक्षा लेते हैं, तो अपने बालों को त्यागकर यह दर्शाते हैं कि, “अब मैं अहंकार और दिखावे से मुक्त होकर आध्यात्मिक मार्ग पर चल रहा हूँ।”

भौतिक जीवन से दूरी का प्रतीक

सिर मुंडवाना इस बात का संकेत भी है कि भिक्षु अब सामान्य सामाजिक जीवन से पूरी तरह अलग हो चुका है। यह एक तरह का आध्यात्मिक त्याग है कि “अब मेरा जीवन साधना, सेवा और शांति के लिए समर्पित है।” यह बदलाव न सिर्फ बाहरी रूप में दिखता है, बल्कि मनोवैज्ञानिक रूप से भी व्यक्ति को नई राह की तरफ चलने के लिए अग्रसर करता है।

बुद्ध ने भी बाल त्यागकर किया था ज्ञान का मार्ग शुरू

बौद्ध धर्म में इस प्रथा का सबसे बड़ा कारण बुद्ध का उदाहरण है। कहानी के अनुसार, जब सिद्धार्थ महल और राजसी जीवन छोड़कर ज्ञान की खोज में निकले, तो उन्होंने तलवार से अपने बाल काट लिए। यह उनका पहला बड़ा त्याग था, जो दर्शाता था कि वे अब राजकुमार नहीं, बल्कि एक साधक हैं। आज भी भिक्षु उसी परंपरा का पालन करते हुए सिर मुंडवाते हैं ताकि बुद्ध के मार्ग के और करीब आ सकें।

दिखावे और फैशन से मुक्ति

जब सिर पर बाल नहीं होते तो भिक्षु को न तो हेयरस्टाइल की चिंता रहती है, न फैशन के पीछे भागने की। यह साधारण-सा परिवर्तन उनके मन से कई तरह के तनाव और बाहरी चिंताओं को खत्म कर देता है। क्योंकि जितना कम ध्यान रूप-रंग पर लगेगा, उतनी अधिक ऊर्जा ध्यान और साधना में लगाई जा सकेगी। यही कारण है कि मुंडन को साधना के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।

विनय पिटक में सख्त नियम

वहीं, बौद्ध भिक्षुओं के लिए बने नियमों की पुस्तक विनय पिटक में सिर मुंडवाने को अनिवार्य बताया गया है। इसमें ये बातें खास तौर पर लिखी हैं जिसमें बालों को रेज़र से हटाने के लिए कहा गया है। बालों को रंगना या स्टाइल करना मना है, बालों को संवारना या उनका ध्यान रखना भी अनुचित माना गया है। इन नियमों का पालन भिक्षु के अहंकार को नियंत्रित करने और सरलता बनाए रखने के लिए किया जाता है।

समानता और समुदाय का प्रतीक

मुंडा हुआ सिर भिक्षुओं के अंदर समानता की भावना को पैदा करता है। इससे सभी भिक्षु बिना किसी भेदभाव के एक समान दिखते हैं। न धन का फर्क, न जाति का, न सामाजिक स्तर का। सभी एक ही समुदाय का हिस्सा माने जाते हैं। यह समानता बौद्ध धर्म के मूल सिद्धांतों में से एक है।

मानसिक शांति और ध्यान में आसानी

कई अध्ययनों और अनुभवों से पता चला है कि जब व्यक्ति दिखावे और रूप-रंग से मुक्त होता है, तो मन अधिक शांत और स्थिर रहता है। भिक्षुओं का जीवन भी इसी सिद्धांत पर आधारित है। मुंडन से वे मानसिक रूप से हल्के और केंद्रित महसूस करते हैं, जिससे ध्यान लगाना आसान होता है। इस सभी कारणों से ही बौद्ध धर्म में मुक्ति के मार्ग पर चलने के लिए ध्यान अनिवार्य है और ध्यान के लिए सभी आंडबरो से मुक्ति होना। और इसलिए बौद्ध भिक्षु अपने सिर मुंडवा कर रखते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *