नेपाल से थाईलैंड तक लेकिन यूपी के इस शहर आए बिना अधूरी रहती है बौद्ध तीर्थ यात्रा

Buddhism, Nepal-Thailand Buddhist Journey
Source: Google

पूरी दुनिया में बौद्ध बहुल देशों की संख्या 10 से ज्यादा है. इन देशों की 90 % से ज्यादा आबादी बौद्ध धर्म को मानती है. यहां तमाम बौद्ध विहार हैं और यहां की हवा भी भगवान बुद्ध की महिमा से सुगंधित होती है. नेपाल से लेकर थाईलैंड और श्रीलंका तक हर साल इन देशों में लाखों बौद्ध अनुयायी पहुंचते हैं. भगवान बुद्ध से जुड़े विहारों और बौद्ध मंदिरों का दर्शन करते हैं. लेकिन आपको जानकर आश्चर्य होगा कि उत्तर प्रदेश के इस शहर में आए बिना बौद्ध तीर्थ यात्रा अधूरी मानी जाती है.

बौद्ध धर्म में कौशांबी का आध्यात्मिक महत्व

दरअसल, उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कौशांबी जिले का नाम आते ही इतिहास, आस्था और आध्यात्म की एक अनोखी छवि सामने आ जाती है. यमुना तट पर बसा यह शहर न सिर्फ प्राचीन काल से समृद्ध रहा है बल्कि इसे भगवान बुद्ध की नगरी के रूप में भी पूरी दुनिया में जाना जाता है. कहा जाता है कि भगवान गौतम बुद्ध (Lord Gautam Buddha) ने अपने जीवनकाल में यहीं चतुर्मास बिताया था. यही वजह है कि बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए कौशांबी (Kaushambi) की यात्रा एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव मानी जाती है.

यूपी का यह शहर क्यों है बौद्ध अनुयायियों के लिए खास?

इतिहासकार बताते हैं कि प्राचीन समय में कौशांबी को कोसम या कोसम ईनाम के नाम से जाना जाता था. माना जाता है कि भगवान बुद्ध ने यहीं अपनी साधना की थी. बौद्ध धर्म में यह कहा जाता है कि जब तक बौद्ध धर्म को मानने वाले लोग कौशांबी की यात्रा नहीं करते, तब तक उनकी तीर्थ यात्रा अधूरी ही मानी जाती है. यही कारण है कि हर साल लाखों की संख्या में श्रीलंका, कम्बोडिया, थाईलैंड, म्यांमार और अन्य देशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं.

जैन और बौद्ध धर्म का संगम स्थल कौशांबी

ध्यान देने वाली बात है कि कौशांबी केवल बौद्ध धर्म ही नहीं बल्कि जैन धर्म के इतिहास में भी बेहद महत्वपूर्ण स्थान रखता है. कहा जाता है कि भगवान महावीर और भगवान बुद्ध, दोनों ही इस पवित्र भूमि पर आए थे. बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार में कौशांबी की भूमिका इतनी महत्वपूर्ण रही कि यह स्थान एक समय आध्यात्मिक शिक्षाओं का केंद्र बन गया था. यहां के खंडहरों, स्तूपों और पुरातात्विक अवशेषों में आज भी उस गौरवशाली काल की झलक देखी जा सकती है. यहां की हवाओं में आज भी बौद्ध विरासत की सुगंध फैली हुई है.

कौशांबी की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को देखते हुए भारत के अलावा श्रीलंका और कम्बोडिया (Sri Lanka and Cambodia) की सरकारों ने भी यहां भगवान बुद्ध को समर्पित भव्य मंदिर बनवाए हैं. ये मंदिर कौशांबी की पहचान को न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया में एक नई ऊंचाई पर पहुंचाते हैं. मंदिरों की वास्तुकला में एशियाई शिल्पकला की झलक देखने को मिलती है, जो श्रद्धालुओं के लिए बेहद आकर्षण का केंद्र है.

देश-विदेश से यहां आने वाले श्रद्धालुओं

हर साल लाखों की संख्या में विदेशी पर्यटक और बौद्ध अनुयायी यहां पहुंचते हैं, ध्यान लगाते हैं और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को करीब से महसूस करते हैं. बौद्ध मंदिर परिसर में फैली शांति और आध्यात्म का वातावरण हर किसी को भीतर तक छू जाता है.  हालांकि, एक बड़ी समस्या यह है कि कौशांबी में अभी भी रात्रि में ठहरने की पर्याप्त सुविधा नहीं है. देश-विदेश से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के बाद शाम ढलते ही वापस लौटना पड़ता है. कई यात्री चाहते हैं कि वे यहां रुककर ध्यान और साधना करें लेकिन ठहरने की सीमित व्यवस्था उन्हें ऐसा करने से रोक देती है.

ऐसे में अगर सरकार की ओर से रात्रि विश्राम और पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं को विकसित किया जाए तो यह न केवल बौद्ध अनुयायियों के लिए राहत भरा कदम होगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगा. कौशांबी की यह ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है. यहां की मिट्टी में आज भी बुद्ध के उपदेशों की वह शांति और करुणा महसूस की जा सकती है, जो हजारों साल पहले से ही यहां की मिट्टी में समाई हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *